सोशल मीडिया पर युवतियों की सुरक्षा को ताक पर रखकर उन्हें बदनाम करने का एक सनसनीखेज मामला राजस्थान के सीकर से सामने आया है। एक प्राइवेट कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र ने अपनी ही क्लास की दो युवतियों से दोस्ती का प्रस्ताव रखा था। जब छात्राओं ने मना कर दिया, तो आरोपी ने बदला लेने के लिए उनकी करीब 12 फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बना डालीं और उन पर अश्लील तस्वीरें पोस्ट करने लगा। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया है।
मार्च से चल रहा था प्रताड़ना का खेल
सदर थाना अधिकारी (SHO) राकेश कुमार मीणा ने बताया कि 27 मई को पीड़ित छात्रा ने थाने में उपस्थित होकर एक लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि वह एक प्राइवेट कॉलेज में पढ़ती है। बीती 30 मार्च को किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके नाम और फोटो का इस्तेमाल कर एक फेक इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया। इस आईडी से आरोपी ने पीड़िता के दोस्तों और अन्य लोगों को बेहद आपत्तिजनक और गलत मैसेज भेजे।
इसके बाद आरोपी ने 2 अप्रैल, 11 अप्रैल, 15 अप्रैल और 26 मई को भी लगातार नई फेक आईडी बनाईं। हद तो तब हो गई जब आरोपी ने पीड़िता की तस्वीरों को किसी अन्य तस्वीर के साथ अश्लील तरीके से एडिट (Morph) किया और उन्हें सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
शातिर चाल: आईडी बनाकर कर देता था डिलीट
जांच में सामने आया कि आरोपी पुलिस और साइबर सेल से बचने के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाता था। वह फेक आईडी पर अश्लील तस्वीरें और भद्दे मैसेज पोस्ट करने के कुछ समय बाद ही उस अकाउंट को डिलीट कर देता था ताकि कोई सबूत न बचे। उसने कॉलेज की ही एक अन्य छात्रा को भी इसी तरह निशाना बनाया और उसकी भी फर्जी आईडी बनाई।
तकनीकी जांच में पकड़ा गया 'बैचमेट'
लगातार मिल रही शिकायतों के बाद सीकर पुलिस की साइबर और टेक्निकल टीम ने आईपी एड्रेस और डिजिटल सोर्सेज के आधार पर इन्वेस्टिगेशन शुरू की। जब कड़ियों को जोड़ा गया, तो तकनीकी साक्ष्य उसी कॉलेज में पढ़ने वाले दोनों युवतियों के सहपाठी (बैचमेट) की ओर इशारा करने लगे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया है कि वह युवती से दोस्ती करना चाहता था और रिजेक्शन मिलने के बाद वह गुस्से में था, जिसके कारण उसने यह कदम उठाया। पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है।