दोस्ती से इनकार का खौफनाक बदला: सीकर में कॉलेज छात्राओं की बनाई 12 फेक इंस्टाग्राम ID, अश्लील फोटो अपलोड करने वाला बैचमेट गिरफ्तार
राजस्थान के सीकर में कॉलेज की युवतियों से दोस्ती में नाकाम रहने पर सहपाठी (बैचमेट) ने ही बदला लेने के लिए उनकी 12 फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बना डालीं।
सोशल मीडिया पर युवतियों की सुरक्षा को ताक पर रखकर उन्हें बदनाम करने का एक सनसनीखेज मामला राजस्थान के सीकर से सामने आया है। एक प्राइवेट कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र ने अपनी ही क्लास की दो युवतियों से दोस्ती का प्रस्ताव रखा था। जब छात्राओं ने मना कर दिया, तो आरोपी ने बदला लेने के लिए उनकी करीब 12 फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बना डालीं और उन पर अश्लील तस्वीरें पोस्ट करने लगा। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया है।
मार्च से चल रहा था प्रताड़ना का खेल
सदर थाना अधिकारी (SHO) राकेश कुमार मीणा ने बताया कि 27 मई को पीड़ित छात्रा ने थाने में उपस्थित होकर एक लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि वह एक प्राइवेट कॉलेज में पढ़ती है। बीती 30 मार्च को किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके नाम और फोटो का इस्तेमाल कर एक फेक इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया। इस आईडी से आरोपी ने पीड़िता के दोस्तों और अन्य लोगों को बेहद आपत्तिजनक और गलत मैसेज भेजे।
इसके बाद आरोपी ने 2 अप्रैल, 11 अप्रैल, 15 अप्रैल और 26 मई को भी लगातार नई फेक आईडी बनाईं। हद तो तब हो गई जब आरोपी ने पीड़िता की तस्वीरों को किसी अन्य तस्वीर के साथ अश्लील तरीके से एडिट (Morph) किया और उन्हें सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।