राजधानी जयपुर में एक युवती के साथ छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि सोसायटी में रहने वाले एक युवक ने सुनसान जगह का फायदा उठाकर युवती के साथ जबरदस्ती की और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस के अनुसार, 22 वर्षीय पीड़िता अपने परिवार के साथ जयपुर की एक सोसायटी में रहती है। शुक्रवार रात करीब 8:45 बजे वह सोसायटी के ग्राउंड फ्लोर पर टहल रही थी। इसी दौरान ब्लॉक-9 और ब्लॉक-10 के बीच से गुजरते समय सोसायटी में रहने वाले एक युवक ने उसे रोक लिया।
आरोप है कि युवक ने युवती को अकेला पाकर उसके साथ छेड़छाड़ की और जबरदस्ती करने का प्रयास किया। युवती ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर मचाने और मदद के लिए पुकारने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद घायल अवस्था में युवती ने सोसायटी के लोगों को पूरी जानकारी दी और अपने परिजनों को बुलाया। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक इलाज के बाद युवती अपनी मां के साथ थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।