राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सूरतगढ़ सदर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-62 पर सेना के ट्रक और एम्बुलेंस की आमने-सामने की टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
सुबह करीब 8 बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 8 बजे 22 एलजीडब्ल्यू के पास हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि एम्बुलेंस के परखच्चे उड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों के शवों को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
मृतकों की हुई पहचान
पुलिस के अनुसार हादसे में एम्बुलेंस में सवार महेंद्र कौर, लक्ष्मी और सतनाम की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों श्रीगंगानगर जिले के हिंदुमलकोट थाना क्षेत्र के 5 बी कोनी गांव के निवासी थे।
वहीं, हादसे में घायल रामप्रताप और एम्बुलेंस चालक राजवीर को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में श्रीगंगानगर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम
भीषण टक्कर के बाद नेशनल हाईवे-62 पर यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
इसी दिन दो ट्रकों की भिड़ंत में भी तीन घायल
रविवार को ही श्रीगंगानगर जिले के राजपुरा पीपेरन के पास दो ट्रकों की टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घायलों की पहचान मूलाराम, कमल और हेतराम के रूप में हुई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर रेफर किया गया।