राजस्थान के कोटा शहर में रविवार दोपहर एक बड़ा विद्युत हादसा हो गया। अनंतपुरा थाना क्षेत्र की बरड़ा बस्ती स्थित क्रेशर रोड इलाके में 33 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन का इंसुलेटर अचानक धमाके के साथ टूट गया। इसके बाद आसपास के घरों, दीवारों और जमीन में करंट फैल गया। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची समेत तीन लोग झुलस गए। करंट की चपेट में आने से दो गायों की भी मौत हो गई।

धमाके के बाद मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब 12:30 बजे अचानक जोरदार धमाका हुआ और कुछ ही पलों में घरों की दीवारों, लोहे के दरवाजों और अन्य धातु के सामान में करंट दौड़ने लगा। लोग चीखते हुए अपने घरों से बाहर भागे। सूचना मिलने पर पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई।

महिला की मौत, तीन लोग अस्पताल में भर्ती

अनंतपुरा थाना प्रभारी रमेश कविया ने बताया कि हादसे में सलमा (41) की करंट लगने से मौत हो गई। वहीं भूरी बाई और जोया को गंभीर हालत में न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक अन्य घायल को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

घरों के ऊपर से गुजर रही थी हाईटेंशन लाइन

पुलिस के अनुसार, दो मकानों के ऊपर से 33 केवी हाईटेंशन लाइन गुजर रही थी। इंसुलेटर टूटने के बाद करंट सीधे दोनों घरों में फैल गया, जिससे यह हादसा हुआ।

परिजनों का आरोप- पहले भी की थी शिकायत

मृतका सलमा के परिजनों का आरोप है कि घरों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को लेकर उन्होंने पहले भी कई बार बिजली विभाग को लिखित शिकायत दी थी। इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि समय रहते कदम उठाए जाते तो यह हादसा टाला जा सकता था।

JVVNL ने क्या कहा?

जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (JVVNL) के अधिशासी अभियंता (XEN) आशीष जौहरी ने बताया कि बारिश के मौसम में कई बार इंसुलेटर टूटने की घटनाएं हो जाती हैं। प्रभावित क्षेत्र पथरीला होने के कारण वहां अर्थ फॉल्ट की स्थिति बनी। सूचना मिलते ही विभाग की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे तक राहत कार्य चलाया।

उन्होंने बताया कि बिजली आपूर्ति बहाल करने की प्रक्रिया जारी है।

हादसे की जांच शुरू

पुलिस और बिजली विभाग संयुक्त रूप से जांच कर रहे हैं कि इंसुलेटर टूटने की वास्तविक वजह क्या थी और कहीं इसमें किसी प्रकार की लापरवाही तो नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने की मांग की है।