कोटा में हाईटेंशन लाइन का इंसुलेटर फटा, घरों में फैला करंट; महिला की मौत, बच्ची समेत 3 झुलसे
राजस्थान के कोटा में 33 केवी हाईटेंशन लाइन का इंसुलेटर टूटने से आसपास के घरों और जमीन में करंट फैल गया।
राजस्थान के कोटा शहर में रविवार दोपहर एक बड़ा विद्युत हादसा हो गया। अनंतपुरा थाना क्षेत्र की बरड़ा बस्ती स्थित क्रेशर रोड इलाके में 33 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन का इंसुलेटर अचानक धमाके के साथ टूट गया। इसके बाद आसपास के घरों, दीवारों और जमीन में करंट फैल गया। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची समेत तीन लोग झुलस गए। करंट की चपेट में आने से दो गायों की भी मौत हो गई।
धमाके के बाद मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब 12:30 बजे अचानक जोरदार धमाका हुआ और कुछ ही पलों में घरों की दीवारों, लोहे के दरवाजों और अन्य धातु के सामान में करंट दौड़ने लगा। लोग चीखते हुए अपने घरों से बाहर भागे। सूचना मिलने पर पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई।
महिला की मौत, तीन लोग अस्पताल में भर्ती
अनंतपुरा थाना प्रभारी रमेश कविया ने बताया कि हादसे में सलमा (41) की करंट लगने से मौत हो गई। वहीं भूरी बाई और जोया को गंभीर हालत में न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक अन्य घायल को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।