राजधानी जयपुर की सेंट्रल जेल से बंदियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। जेल में बंद एक कैदी से दो अन्य सजायाफ्ता बंदियों द्वारा मारपीट और धमकियों के जरिए 64 हजार रुपए की अवैध वसूली किए जाने का आरोप लगा है। पीड़ित की पत्नी ने इस संबंध में लालकोठी थाने में एफआईआर दर्ज करवाई है।
मारपीट कर बनाई वसूली की साजिश
एएसआई मनोज कुमार के अनुसार, शास्त्री नगर निवासी 23 वर्षीय महिला ने शिकायत में बताया कि उसके पति विष्णु को नवंबर 2025 में आदर्श नगर फायरिंग मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जयपुर सेंट्रल जेल भेजा गया था।
महिला का आरोप है कि जेल में बंद सजायाफ्ता कैदी ऋषिराज सिंह उर्फ चेतन बन्ना और विक्रम, जो जेल की चीफ जाली (मुख्य प्रवेश क्षेत्र) पर कार्यरत हैं, बंदियों से अवैध वसूली करते हैं।
रुपए नहीं देने पर की मारपीट और धमकियां
शिकायत के मुताबिक, जेल में आने के करीब एक महीने बाद ही दोनों आरोपियों ने विष्णु पर रुपए देने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। रुपए देने से इनकार करने पर उसके साथ कई बार मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी देकर लगातार डराया गया।
आरोप है कि दोनों बंदियों ने पीड़ित के परिजनों को भी धमकाया और पिछले चार महीनों में अपने एक रिश्तेदार के बैंक खाते में करीब 64 हजार रुपए जमा करवाकर अवैध वसूली की।
पत्नी ने दर्ज कराई एफआईआर
लगातार हो रही वसूली और धमकियों से परेशान होकर पीड़ित की पत्नी ने दोनों आरोपियों के खिलाफ लालकोठी थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
जेल प्रशासन की व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के सामने आने के बाद जयपुर सेंट्रल जेल की सुरक्षा व्यवस्था और अंदरूनी निगरानी पर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।