बिहार के जमुई जिले से एक बेहद शर्मनाक और विचलित करने वाली घटना सामने आई है, जिसने सड़क पर महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जमुई में 10वीं कक्षा के एक छात्र और छात्रा के साथ सरेआम छेड़छाड़ और बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। वीडियो वायरल होने और सोशल मीडिया पर बिहार पुलिस से कार्रवाई की मांग के बाद, पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

कोचिंग से लौटते वक्त हुई दरिंदगी

जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार शाम करीब 7 बजे की है। पीड़ित छात्र और छात्रा जमुई शहर के एक निजी स्कूल में 10वीं कक्षा में पढ़ते हैं। शनिवार शाम को दोनों कोचिंग क्लास खत्म होने के बाद एक स्कूटी से जमुई-लखीसराय रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान कुछ मनचलों ने उन्हें रोक लिया।

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपियों की भीड़ ने दोनों को घेर लिया है। एक आरोपी पीड़ित छात्र की कॉलर पकड़कर उसे घसीटते हुए लड़की से दूर ले जाता है। जब घबराई हुई छात्रा वहां से भागने की कोशिश करती है, तो एक नकाबपोश मनचला पीछे से आकर उसे दबोच लेता है और उसके साथ सरेआम छेड़छाड़ करता है। छात्रा चीखती है और हाथ जोड़कर उन्हें छोड़ देने की गुहार लगाती है। किसी तरह उसका दोस्त आरोपियों के चंगुल से छूटकर उसकी मदद के लिए दौड़ता है और दोनों अपनी स्कूटी की तरफ भागते हैं, लेकिन मनचले उनका पीछा करते हैं। स्कूटी पर बैठकर भागने की कोशिश के दौरान भी आरोपी छात्रा का हाथ पकड़ लेते हैं।

राहुल गांधी ने सरकार को घेरा, कहा- "यह संस्कृति नहीं, पितृसत्ता है"

इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सियासत भी गरमा गई है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक्स पर इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए बिहार सरकार पर तीखा हमला बोला है।

राहुल गांधी ने लिखा, "एक छोटी बच्ची हाथ जोड़कर खुद को छोड़ देने की भीख मांग रही थी, जबकि गुंडे उसके साथ छेड़छाड़ कर रहे थे और उसे घसीट रहे थे। इन लोगों को ऐसा व्यवहार करने का अधिकार किसने दिया? यह 'संस्कृति' नहीं है, यह पितृसत्ता है: यह वह घटिया सोच है जो मानती है कि कोई भी पुरुष एक लड़की के शरीर, उसकी गतिविधियों और उसकी पसंद पर नियंत्रण कर सकता है।"

उन्होंने आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए सवाल किया कि बिहार सरकार को जवाब देना चाहिए कि शाम 7 बजे एक पब्लिक रोड पर कोई लड़की सुरक्षित क्यों नहीं है?

"यह जंगलराज नहीं"

घटना पर बढ़ते आक्रोश के बीच बिहार के मंत्री सुनील कुमार ने सरकार का बचाव किया है। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए कहा, "स्थानीय प्रशासन सरकार की ओर से उचित कार्रवाई करेगा। मेरी जमुई एसपी से बात होगी और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा।"

उन्होंने आगे कहा, "यह घटना निश्चित रूप से निंदनीय है, लेकिन एक घटना के आधार पर यह प्रोजेक्ट करना सही नहीं है कि पूरे बिहार में ऐसी ही स्थिति है। इसे 'जंगलराज' कहना गलत है। पुलिस दोषियों को गिरफ्तार करेगी।"

अब तक 3 आरोपियों को गिरफ्तार

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और लोगों के भारी आक्रोश के बाद जमुई पुलिस हरकत में आई। जमुई के पुलिस अधीक्षक (SP) विश्वजीत दयाल ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित किशोरों से संपर्क किया और वीडियो का बारीकी से विश्लेषण कर उसमें दिख रहे आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने इस मामले में अब तक 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस घटना की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।