हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाती रही मासूम, सरेआम दरिंदगी! वीडियो वायरल होने के बाद एक्शन में पुलिस
बिहार के जमुई में 10वीं कक्षा के छात्र-छात्रा के साथ सरेआम छेड़छाड़ और बदसलूकी का विचलित करने वाला वीडियो वायरल हुआ है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानें पूरी घटना।
बिहार के जमुई जिले से एक बेहद शर्मनाक और विचलित करने वाली घटना सामने आई है, जिसने सड़क पर महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जमुई में 10वीं कक्षा के एक छात्र और छात्रा के साथ सरेआम छेड़छाड़ और बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। वीडियो वायरल होने और सोशल मीडिया पर बिहार पुलिस से कार्रवाई की मांग के बाद, पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
कोचिंग से लौटते वक्त हुई दरिंदगी
जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार शाम करीब 7 बजे की है। पीड़ित छात्र और छात्रा जमुई शहर के एक निजी स्कूल में 10वीं कक्षा में पढ़ते हैं। शनिवार शाम को दोनों कोचिंग क्लास खत्म होने के बाद एक स्कूटी से जमुई-लखीसराय रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान कुछ मनचलों ने उन्हें रोक लिया।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपियों की भीड़ ने दोनों को घेर लिया है। एक आरोपी पीड़ित छात्र की कॉलर पकड़कर उसे घसीटते हुए लड़की से दूर ले जाता है। जब घबराई हुई छात्रा वहां से भागने की कोशिश करती है, तो एक नकाबपोश मनचला पीछे से आकर उसे दबोच लेता है और उसके साथ सरेआम छेड़छाड़ करता है। छात्रा चीखती है और हाथ जोड़कर उन्हें छोड़ देने की गुहार लगाती है। किसी तरह उसका दोस्त आरोपियों के चंगुल से छूटकर उसकी मदद के लिए दौड़ता है और दोनों अपनी स्कूटी की तरफ भागते हैं, लेकिन मनचले उनका पीछा करते हैं। स्कूटी पर बैठकर भागने की कोशिश के दौरान भी आरोपी छात्रा का हाथ पकड़ लेते हैं।