झुंझुनूं में देर रात डकैती से मचा हड़कंप

झुंझुनूं। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित पीपली चौक में शनिवार देर रात हुई एक बड़ी डकैती की वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। हथियारों से लैस 6 से 7 नकाबपोश बदमाश एक प्रॉपर्टी कारोबारी के घर में घुस गए और परिवार को बंधक बनाकर करीब एक घंटे तक पूरे मकान को खंगालते रहे। बदमाश लाखों रुपए के जेवरात, नकदी और सीसीटीवी रिकॉर्डिंग का डीवीआर लेकर फरार हो गए।

रात 1:15 बजे घर में घुसे नकाबपोश

पीड़ित परिवार के मुखिया अकबर अली शेरवानी के अनुसार रात करीब 1:15 बजे सभी बदमाश घर में दाखिल हुए। उनके चेहरे कपड़े से ढके हुए थे और सभी के पास हथियार थे। घर में प्रवेश करते ही बदमाशों ने सीधे प्रॉपर्टी कारोबारी शब्बीर सैय्यद उर्फ बाबू भाई के बारे में पूछताछ शुरू कर दी।

परिवार का दावा है कि बदमाशों को घर के सदस्यों, कारोबार और संपत्ति के बारे में पहले से विस्तृत जानकारी थी, जिससे किसी अंदरूनी जानकारी या रेकी की आशंका जताई जा रही है।

कनपटी पर पिस्तौल रखकर बनाया बंधक

परिजनों के अनुसार बदमाशों ने शब्बीर सैय्यद की कनपटी पर पिस्तौल तान दी और उसके हाथ बांध दिए। इसके बाद घर के अन्य सदस्यों को भी एक जगह बैठाकर बंधक बना लिया गया।

बदमाश लगातार अलमारियों की चाबियां मांगते रहे और एक-एक कमरे की तलाशी लेते रहे। परिवार को डराने के लिए वे लगातार हथियार लहराते रहे और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते रहे।

महिलाओं को कमरे में बंद कर उतरवाए जेवर

परिवार ने आरोप लगाया कि बदमाशों ने महिलाओं को अलग-अलग कमरों और बाथरूम में बंद कर दिया। इसके बाद महिलाओं से उनके गहने उतरवा लिए गए। यहां तक कि घर में मौजूद एक बच्ची के कानों में पहने झुमके तक नहीं छोड़े गए।

बदमाशों ने घर में मौजूद लोगों के हाथ-पैर कपड़ों, चादरों, टेप और बिजली के तारों से बांध दिए। परिवार के अनुसार 10 वर्षीय बच्चे को भी नहीं बख्शा गया।

85 लाख से ज्यादा का सामान लूटकर फरार

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बदमाश घर से करीब 50 से 60 तोला सोना, सवा से डेढ़ किलो चांदी और डेढ़ से दो लाख रुपए नकद लेकर फरार हुए हैं। पीड़ित परिवार ने कुल नुकसान करीब 85 लाख रुपए बताया है।

वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि उनकी पहचान न हो सके।

स्कॉर्पियो और कारोबार की जानकारी से बढ़ा संदेह

अकबर अली शेरवानी ने बताया कि बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी काली स्कॉर्पियो का भी जिक्र किया और कहा कि उन्हें परिवार की पूरी जानकारी देकर यहां भेजा गया है।

बदमाशों ने यह भी कहा कि उन्हें बताया गया है कि परिवार के पास काफी संपत्ति और धन है। इस बयान के बाद परिवार को किसी परिचित या रेकी करने वाले व्यक्ति की भूमिका पर संदेह है।

UP कनेक्शन की भी जांच

पीड़ित परिवार के अनुसार बदमाशों की बोली उत्तर प्रदेश क्षेत्र की लग रही थी। वारदात के दौरान वे बार-बार उत्तर प्रदेश के कुछ लोगों का जिक्र कर रहे थे।

उन्होंने परिवार से पूछा कि क्या यहां कोई यूपी का रहने वाला व्यक्ति रहता है। पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं वारदात के पीछे किसी बाहरी गैंग या अंतरराज्यीय गिरोह का हाथ तो नहीं है।

पड़ोसी के CCTV में दिखे संदिग्ध

हालांकि बदमाश घर का डीवीआर अपने साथ ले गए, लेकिन आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में कुछ अहम सुराग मिले हैं। एक पड़ोसी के कैमरे में रात करीब 1:20 बजे कुछ संदिग्ध लोग दिखाई दिए हैं।

पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और तकनीकी व भौतिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस की कई टीमें जांच में जुटीं

कोतवाली थानाधिकारी श्रवण कुमार ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीमें गठित की गई हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संभावित संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस का मानना है कि बदमाशों को घर और परिवार की गतिविधियों की पहले से जानकारी थी, इसलिए जांच का फोकस रेकी करने वालों और संभावित नेटवर्क पर भी रखा गया है।

इलाके में दहशत का माहौल

घटना की सूचना मिलते ही रविवार सुबह बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार के घर पहुंच गए। शहर के बीचों-बीच हुई इस बड़ी डकैती ने लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।