राजधानी जयपुर के जयसिंहपुरा खोर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मानबाग चौराहा स्थित सुंदर नर्सरी के पास सड़क किनारे शव पड़े होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अरविंद कुमार ठाकुर (45) निवासी वैशाली, बिहार के रूप में हुई है। वह जयपुर के ब्रह्मपुरी इलाके में रहकर मजदूरी करता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अरविंद नशे का आदी था और रविवार को मजदूरी के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।

सोमवार सुबह करीब 7 बजे एक राहगीर ने सड़क किनारे शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एसएमएस अस्पताल की मॉर्च्युरी में भिजवा दिया।

थानाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि रात के अंधेरे में मानबाग चौराहे के ऊपर की ओर जाते समय अरविंद का संतुलन बिगड़ गया और वह करीब 25 फीट ऊंची दीवार से नीचे गिर गया। नीचे पत्थरों पर गिरने से उसके सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।