राजस्थान में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की जालोर टीम और स्थानीय पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 109 किलो 883 ग्राम अवैध डोडा-चूरा बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे और कच्चे रास्तों का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा।
एएनटीएफ के आईजी विकास कुमार ने बताया कि टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि मेवाड़ क्षेत्र से एक कार में भारी मात्रा में डोडा-चूरा भरकर दो तस्कर भीनमाल-बागोड़ा क्षेत्र की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर एएनटीएफ ने भीनमाल-रामसीन रोड पर नाकाबंदी कर गुप्त निगरानी शुरू कर दी।
कुछ देर बाद संदिग्ध कार मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्टॉपर स्टिक लगाकर वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने तेज रफ्तार में कार को निकालते हुए भागने की कोशिश की। इसके बाद एएनटीएफ की टीम ने तत्काल पीछा शुरू किया और स्थानीय पुलिस को भी अलर्ट कर दिया।
भागते हुए तस्करों ने भीनमाल कस्बे से पहले यू-टर्न लिया और कच्चे रास्ते पर कार दौड़ा दी। करीब 4 से 5 किलोमीटर तक चली इस फिल्मी चेज के बाद आगे लगी पुलिस नाकाबंदी में वाहन फंस गया। खुद को चारों ओर से घिरा देख दोनों आरोपी कार छोड़कर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कूकावास निवासी 23 वर्षीय विकास कुमार विश्नोई के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि उसके खिलाफ पहले से मादक पदार्थ तस्करी के दो मामले दर्ज हैं। आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि डोडा-चूरा सप्लाई करने वाले मुख्य नेटवर्क और स्थानीय रिसीवरों का पता लगाया जा सके।
पुलिस ने कार से बरामद 109 किलो 883 ग्राम डोडा-चूरा और तस्करी में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर लिया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।