जालोर में ANTF की बड़ी कार्रवाई: 109 किलो 883 ग्राम डोडा-चूरा जब्त, फिल्मी चेज के बाद तस्कर गिरफ्तार
जालोर में एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में 109 किलो 883 ग्राम अवैध डोडा-चूरा बरामद किया।
राजस्थान में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की जालोर टीम और स्थानीय पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 109 किलो 883 ग्राम अवैध डोडा-चूरा बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे और कच्चे रास्तों का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा।
एएनटीएफ के आईजी विकास कुमार ने बताया कि टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि मेवाड़ क्षेत्र से एक कार में भारी मात्रा में डोडा-चूरा भरकर दो तस्कर भीनमाल-बागोड़ा क्षेत्र की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर एएनटीएफ ने भीनमाल-रामसीन रोड पर नाकाबंदी कर गुप्त निगरानी शुरू कर दी।
कुछ देर बाद संदिग्ध कार मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्टॉपर स्टिक लगाकर वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने तेज रफ्तार में कार को निकालते हुए भागने की कोशिश की। इसके बाद एएनटीएफ की टीम ने तत्काल पीछा शुरू किया और स्थानीय पुलिस को भी अलर्ट कर दिया।