बूंदी जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा हट्टीपुरा के पास उस समय हुआ जब दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक चालकों की मौके पर ही जान चली गई।

जानकारी के अनुसार, हादसा रविवार रात करीब 11 बजे हुआ। घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस और चिकित्सा टीम ने तीनों घायलों को बूंदी जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद कोटा के एमबीएस अस्पताल रेफर कर दिया गया।

बूंदी सदर थाना के एएसआई जितेंद्र सिंह ने बताया कि बांगामाता निवासी विक्रम अपने भाई आकाश और दोस्त लवकुश के साथ पहले एक रक्तदान शिविर में शामिल हुए थे। इसके बाद तीनों जोगणिया माता के दर्शन करने गए थे। दर्शन कर लौटते समय यह हादसा हो गया।

परिजनों के अनुसार, युवक अपने एक दोस्त को बूंदी छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान हट्टीपुरा के पास उनकी बाइक की सामने से आ रही दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में विक्रम और दूसरी बाइक के चालक की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।