बूंदी में भीषण सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, दो युवकों की मौत... एक गंभीर घायल
बूंदी जिले में हट्टीपुरा के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का कोटा के एमबीएस अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बूंदी जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा हट्टीपुरा के पास उस समय हुआ जब दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक चालकों की मौके पर ही जान चली गई।
जानकारी के अनुसार, हादसा रविवार रात करीब 11 बजे हुआ। घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस और चिकित्सा टीम ने तीनों घायलों को बूंदी जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद कोटा के एमबीएस अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बूंदी सदर थाना के एएसआई जितेंद्र सिंह ने बताया कि बांगामाता निवासी विक्रम अपने भाई आकाश और दोस्त लवकुश के साथ पहले एक रक्तदान शिविर में शामिल हुए थे। इसके बाद तीनों जोगणिया माता के दर्शन करने गए थे। दर्शन कर लौटते समय यह हादसा हो गया।