राजधानी जयपुर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार रोडवेज बस ने स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे युवक सड़क पर गिर गया। इसके बाद बस चालक युवक को कुचलते हुए मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया।
हादसा गलता गेट थाना क्षेत्र के सूरजपोल स्थित ऑटोमोबाइल कट के पास शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। मृतक की पहचान 24 वर्षीय विकास निवासी सूरौठ, हिंडौन सिटी (करौली) के रूप में हुई है। विकास जयपुर के महेश नगर क्षेत्र में रहकर फूड डिलीवरी का काम करता था।
पुलिस के अनुसार दिल्ली की ओर से जयपुर आ रही हरियाणा नंबर की रोडवेज बस सवारियों से भरी हुई थी। ऑटोमोबाइल कट के पास तेज रफ्तार बस ने स्कूटी को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद विकास सड़क पर गिर गया और बस उसके ऊपर से गुजर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद बस चालक वाहन को लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही गलता गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिससे सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारू कराया और जाम खुलवाया।
थानाधिकारी धर्मसिंह ने बताया कि पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और रोडवेज बस व उसके चालक की पहचान कर तलाश की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
इस हादसे ने एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों के कारण बढ़ रहे सड़क हादसों पर चिंता खड़ी कर दी है।