जैसलमेर जिले के मोहनगढ़ थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर चालक की मौत के मामले में पुलिस जांच ने बड़ा खुलासा किया है। शुरुआती तौर पर दुर्घटना प्रतीत होने वाला यह मामला अब हत्या और लूट की साजिश के रूप में सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में श्रीगंगानगर निवासी दो आरोपियों को डिटेन कर पूछताछ शुरू कर दी है।
शनिवार को बोहा-गोगादे मार्ग स्थित एक खेत में 62 वर्षीय अमरचंद सोनी का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान बीकानेर जिले के जसरासर थाना क्षेत्र के कांकड़ा निवासी अमरचंद सोनी के रूप में की। अमरचंद मोहनगढ़ क्षेत्र में ट्रैक्टर चलाने और कृषि मजदूरी का कार्य करता था।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी हरदीप सिंह और बलकार सिंह उर्फ राजा, जो क्षेत्र में मजदूरी का काम करते थे, ने अमरचंद को अकेले ट्रैक्टर चलाते देखा। आरोप है कि दोनों ने ट्रैक्टर लूटने की योजना बनाई और अमरचंद पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, साक्ष्य मिटाने के लिए आरोपियों ने उसके ऊपर ट्रैक्टर भी चढ़ा दिया, जिससे मामला हादसे जैसा दिखाई दे।
वारदात के बाद आरोपी ट्रैक्टर लेकर गोगादे गांव पहुंचे और एक किसान को ट्रैक्टर 4.50 लाख रुपए में बेचने का सौदा कर लिया। बताया जा रहा है कि उन्होंने किसान से 50 हजार रुपए एडवांस भी ले लिए थे और इसके बाद वहां से फरार हो गए।
मृतक के बेटे राकेश ने मोहनगढ़ थाने में दो नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का शक जताते हुए मामला दर्ज कराया। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी। घटनास्थल पर मिले ट्रैक्टर के संदिग्ध टायर निशानों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच शुरू की।
मोहनगढ़ थानाधिकारी गीता विश्नोई, नाचना वृत्ताधिकारी गजेंद्र सिंह और एफएसएल टीम ने मौके का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुलिस ने हरदीप सिंह पुत्र सतनाम सिंह और बलकार सिंह उर्फ राजा पुत्र महेंद्र सिंह, दोनों निवासी पदमपुर (श्रीगंगानगर), को डिटेन कर लिया।
पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल एफएसएल रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस का मानना है कि जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।