पाली जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पाली-जोधपुर हाईवे पर मंडिया बाइपास के पास एक बेकाबू कार डिवाइडर से टकराने के बाद दूसरी लेन में पहुंच गई और सड़क किनारे खाई में गिरकर पलट गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल हो गई। घायल महिला का इलाज पाली के बांगड़ अस्पताल में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार हादसा मंगलवार सुबह करीब 7 बजे सदर थाना क्षेत्र में हुआ। पुलिस के मुताबिक कार जोधपुर से पाली की ओर आ रही थी। मंडिया बाइपास के पास अचानक कार चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर दूसरी लेन में पहुंचकर खाई में गिर गई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

सदर थाना SHO कपूराराम ने बताया कि हादसे में जोधपुर के पनवड़ निवासी कोषा (50) पत्नी पावन कुमार और आनंद कुमार (55) पुत्र हजारीलाल की मौत हो गई। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए बांगड़ अस्पताल की मोर्च्युरी में रखवाया गया है। वहीं आशा (50) पत्नी आनंद कुमार घायल हो गईं, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों और मृतकों को तुरंत बांगड़ अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार में सवार तीनों लोग जोधपुर से सिरोही जा रहे थे। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा किसी मवेशी के अचानक सड़क पर आने से हुआ या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

हादसे की सूचना मिलने पर पाली एसडीएम विमलेंद्र सिंह राणावत भी बांगड़ अस्पताल पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली। वहीं पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना देकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और पुलिस सड़क दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।