पाली हाईवे पर दर्दनाक हादसा: डिवाइडर से टकराकर खाई में पलटी कार, दो की मौत, महिला घायल
पाली-जोधपुर हाईवे पर मंडिया बाइपास के पास एक बेकाबू कार डिवाइडर से टकराकर खाई में पलट गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
पाली जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पाली-जोधपुर हाईवे पर मंडिया बाइपास के पास एक बेकाबू कार डिवाइडर से टकराने के बाद दूसरी लेन में पहुंच गई और सड़क किनारे खाई में गिरकर पलट गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल हो गई। घायल महिला का इलाज पाली के बांगड़ अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार हादसा मंगलवार सुबह करीब 7 बजे सदर थाना क्षेत्र में हुआ। पुलिस के मुताबिक कार जोधपुर से पाली की ओर आ रही थी। मंडिया बाइपास के पास अचानक कार चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर दूसरी लेन में पहुंचकर खाई में गिर गई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
सदर थाना SHO कपूराराम ने बताया कि हादसे में जोधपुर के पनवड़ निवासी कोषा (50) पत्नी पावन कुमार और आनंद कुमार (55) पुत्र हजारीलाल की मौत हो गई। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए बांगड़ अस्पताल की मोर्च्युरी में रखवाया गया है। वहीं आशा (50) पत्नी आनंद कुमार घायल हो गईं, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है।