बीकानेर में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। पीबीएम अस्पताल में भर्ती परिजन के जल्द स्वस्थ होने की मन्नत लेकर कोडमदेसर भैरव मंदिर जा रहा परिवार तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आ गया। हादसे में परिवार के मुखिया समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, पीबीएम अस्पताल के एसएसबी सेंटर में भर्ती श्याम सुंदर उपाध्याय के स्वास्थ्य लाभ की कामना को लेकर उनकी बेटियां स्वाति (29) और महक (22), पुत्र चिराग (12), फूफा घनश्याम दास (60) और रिश्तेदार सोनू (20) पैदल कोडमदेसर भैरव मंदिर जा रहे थे।
रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे मंदिर से करीब डेढ़ किलोमीटर पहले ग्रांधी प्याऊ के पास अमर बकरा बाड़े के नजदीक तेज रफ्तार बाइक ने पदयात्रियों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घनश्याम दास की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार मिहिर महात्मा निवासी रानी बाजार ने भी दम तोड़ दिया।
हादसे में स्वाति, महक और सोनू गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि 12 वर्षीय चिराग को मामूली चोटें आईं। सभी घायलों को तत्काल पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद पीबीएम अस्पताल में तनावपूर्ण माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के परिजनों के बीच कहासुनी हो गई, जिसके चलते अस्पताल परिसर में विवाद की स्थिति पैदा हो गई। चिकित्सा स्टाफ के साथ कथित अभद्र व्यवहार की सूचना के बाद रेजीडेंट डॉक्टरों ने सुरक्षा की मांग को लेकर कुछ समय के लिए कार्य भी बंद कर दिया।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया। अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल और आरएसी जवानों की तैनाती की गई। अधिकारियों और चिकित्सकों के बीच वार्ता के बाद चिकित्सा सेवाएं पुनः शुरू कर दी गईं।
फिलहाल पुलिस सड़क हादसे के कारणों के साथ-साथ अस्पताल में हुए विवाद की भी जांच कर रही है।