मन्नत लेकर भैरव मंदिर जा रहे परिवार को बाइक ने मारी टक्कर, दो की मौत; तीन गंभीर घायल
बीकानेर में कोडमदेसर भैरव मंदिर जा रहे पदयात्रियों को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में परिवार के मुखिया और बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बीकानेर में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। पीबीएम अस्पताल में भर्ती परिजन के जल्द स्वस्थ होने की मन्नत लेकर कोडमदेसर भैरव मंदिर जा रहा परिवार तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आ गया। हादसे में परिवार के मुखिया समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, पीबीएम अस्पताल के एसएसबी सेंटर में भर्ती श्याम सुंदर उपाध्याय के स्वास्थ्य लाभ की कामना को लेकर उनकी बेटियां स्वाति (29) और महक (22), पुत्र चिराग (12), फूफा घनश्याम दास (60) और रिश्तेदार सोनू (20) पैदल कोडमदेसर भैरव मंदिर जा रहे थे।
रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे मंदिर से करीब डेढ़ किलोमीटर पहले ग्रांधी प्याऊ के पास अमर बकरा बाड़े के नजदीक तेज रफ्तार बाइक ने पदयात्रियों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घनश्याम दास की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार मिहिर महात्मा निवासी रानी बाजार ने भी दम तोड़ दिया।