राजस्थान के भीलवाड़ा शहर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां प्रेमी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही एक महिला को उसके पति ने दिनदहाड़े अपने साथियों के साथ मिलकर ईको वैन में अगवा कर लिया। यह घटना 12 जून को शहर की एक कॉलोनी में हुई थी।
सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू की। करीब तीन दिन बाद पुलिस ने महिला को बूंदी जिले से सुरक्षित बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने महिला के पति समेत कुल 5 आरोपियों को हिरासत में लिया है।
पुलिस अधीक्षक सागर राणा के अनुसार, घटना की जानकारी सबसे पहले पुलिस कंट्रोल रूम को मिली थी, जिसमें बताया गया था कि कुछ लोग एक महिला को जबरन वाहन में डालकर ले गए हैं। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने तुरंत केस दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें सफेद रंग की ईको वैन दिखाई दी। इसके बाद तकनीकी टीम ने वाहन की लोकेशन ट्रेस की, जो बूंदी जिले में मिली। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर वैन बरामद की और घेराबंदी कर सभी आरोपियों को पकड़ लिया।
मास्टरमाइंड पति निकला
पूछताछ में सामने आया कि इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड महिला का पति था। बताया गया कि पति और पत्नी के बीच मनमुटाव चल रहा था, जिसके चलते महिला अपने प्रेमी के साथ भीलवाड़ा में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी।
इसी से नाराज होकर पति ने अपने चार दोस्तों के साथ मिलकर महिला को वापस ले जाने की योजना बनाई और 12 जून को दिनदहाड़े उसे उठा लिया।
पुलिस के अनुसार, महिला ने अब बयान दर्ज कराए हैं। कोर्ट में दिए गए बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।