प्रेमी संग रह रही पत्नी का पति ने दिनदहाड़े किया अपहरण: साथियों के साथ भीलवाड़ा में वारदात, वैन में डालकर ले गया
भीलवाड़ा में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही महिला को उसके पति ने दिनदहाड़े साथियों के साथ मिलकर अगवा कर लिया। तीन दिन बाद पुलिस ने महिला को बूंदी से बरामद कर पति समेत 5 आरोपियों को हिरासत में लिया है।
राजस्थान के भीलवाड़ा शहर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां प्रेमी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही एक महिला को उसके पति ने दिनदहाड़े अपने साथियों के साथ मिलकर ईको वैन में अगवा कर लिया। यह घटना 12 जून को शहर की एक कॉलोनी में हुई थी।
सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू की। करीब तीन दिन बाद पुलिस ने महिला को बूंदी जिले से सुरक्षित बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने महिला के पति समेत कुल 5 आरोपियों को हिरासत में लिया है।
पुलिस अधीक्षक सागर राणा के अनुसार, घटना की जानकारी सबसे पहले पुलिस कंट्रोल रूम को मिली थी, जिसमें बताया गया था कि कुछ लोग एक महिला को जबरन वाहन में डालकर ले गए हैं। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने तुरंत केस दर्ज कर जांच शुरू की।