उत्तर प्रदेश के कानपुर से लूट की एक बेहद हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। गुजैनी थाना क्षेत्र में बदमाशों ने एक महिला को उसके पति और बेटे की तस्वीर दिखाकर यह विश्वास दिलाया कि दोनों उनके कब्जे में हैं। इसके बाद हत्या की धमकी देकर महिला से पहले मंगलसूत्र और नकदी लूटी गई, फिर उसे उसके घर ले जाकर लाखों रुपये के जेवरात भी हड़प लिए गए।
जानकारी के अनुसार रविदासपुरम निवासी सुरेश कुमार स्कूली वैन चलाते हैं। उनकी पत्नी बिंदन देवी रविवार शाम बर्रा-8 स्थित अपनी ननद के घर गई थीं। रात करीब नौ बजे जब वह वापस लौट रही थीं, तभी गोविंद स्वीट हाउस के पास बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। एक युवक हेलमेट पहने हुए था जबकि दूसरे ने अपना चेहरा नकाब से ढंक रखा था।
आरोपियों ने मोबाइल फोन में बिंदन देवी के पति और बेटे की तस्वीर दिखाते हुए कहा कि दोनों उनके कब्जे में हैं। साथ ही धमकी दी कि यदि उन्होंने विरोध किया तो दोनों की हत्या कर दी जाएगी। परिवार की सुरक्षा को लेकर डरी महिला ने अपना मंगलसूत्र और 600 रुपये बदमाशों को दे दिए।
इसके बाद भी आरोपियों का दुस्साहस कम नहीं हुआ। उन्होंने चाकू दिखाकर महिला को जबरन बाइक पर बैठाया और उसके घर के पास ले गए। वहां महिला को घर में रखे सभी जेवरात लाने के लिए कहा गया। जब बिंदन देवी घर पहुंचीं और उन्हें पति नजर नहीं आए, तो वह और घबरा गईं। उन्हें लगा कि बदमाश सच बोल रहे हैं और उनका परिवार खतरे में है।
दहशत के माहौल में महिला ने घर में रखे सोने-चांदी के सभी जेवरात आरोपियों को सौंप दिए। जेवरात लेकर बदमाश मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद जब पति और बच्चे सकुशल घर लौटे, तब महिला को ठगी और लूट का एहसास हुआ।
घटना की सूचना मिलने पर गुजैनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि बदमाश महिला और उसके परिवार के बारे में पहले से जानकारी रखते थे। यही वजह है कि उनके पास पति और बेटे की तस्वीरें मौजूद थीं। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि कहीं आरोपी परिवार के परिचित या जान-पहचान के लोग तो नहीं हैं।
फिलहाल इस अनोखे तरीके से अंजाम दी गई लूट की वारदात ने पूरे कानपुर में सनसनी फैला दी है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।