पति-बेटे को बंधक बताकर महिला से लाखों की लूट, तस्वीर दिखाकर बदमाशों ने रची खौफनाक साजिश
कानपुर के गुजैनी में बदमाशों ने महिला को उसके पति और बेटे की तस्वीर दिखाकर दावा किया कि दोनों उनके कब्जे में हैं।
उत्तर प्रदेश के कानपुर से लूट की एक बेहद हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। गुजैनी थाना क्षेत्र में बदमाशों ने एक महिला को उसके पति और बेटे की तस्वीर दिखाकर यह विश्वास दिलाया कि दोनों उनके कब्जे में हैं। इसके बाद हत्या की धमकी देकर महिला से पहले मंगलसूत्र और नकदी लूटी गई, फिर उसे उसके घर ले जाकर लाखों रुपये के जेवरात भी हड़प लिए गए।
जानकारी के अनुसार रविदासपुरम निवासी सुरेश कुमार स्कूली वैन चलाते हैं। उनकी पत्नी बिंदन देवी रविवार शाम बर्रा-8 स्थित अपनी ननद के घर गई थीं। रात करीब नौ बजे जब वह वापस लौट रही थीं, तभी गोविंद स्वीट हाउस के पास बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। एक युवक हेलमेट पहने हुए था जबकि दूसरे ने अपना चेहरा नकाब से ढंक रखा था।
आरोपियों ने मोबाइल फोन में बिंदन देवी के पति और बेटे की तस्वीर दिखाते हुए कहा कि दोनों उनके कब्जे में हैं। साथ ही धमकी दी कि यदि उन्होंने विरोध किया तो दोनों की हत्या कर दी जाएगी। परिवार की सुरक्षा को लेकर डरी महिला ने अपना मंगलसूत्र और 600 रुपये बदमाशों को दे दिए।