राजस्थान के बाड़मेर जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। शिव थाना क्षेत्र के जोरानाडा गांव में एक युवक को कथित तौर पर बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया। आरोपियों ने युवक की मूंछ और बाल काट दिए तथा उसके गले में जूतों की माला पहनाकर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।

वीडियो सामने आने के बाद शिव थाना पुलिस ने तुरंत मामले का संज्ञान लिया और आरोपियों की पहचान शुरू कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बाछड़ाऊ निवासी स्वरूप नाथ को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है, जबकि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

वायरल वीडियो से हुई आरोपी की पहचान

पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और प्राप्त शिकायत के आधार पर जांच शुरू की गई। वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की जा रही है। प्रारंभिक कार्रवाई के तहत एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है और अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) नितेश आर्य ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि युवक को बंधक बनाकर मारपीट क्यों की गई, वह आरोपियों के घर या परिसर में किस कारण पहुंचा था और घटना के पीछे वास्तविक वजह क्या थी।

उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो की तकनीकी जांच भी कराई जा रही है, ताकि पूरी घटना की सच्चाई सामने आ सके। वीडियो में नजर आ रहे अन्य लोगों की पहचान कर जल्द ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी तथ्यों को जुटाने में लगी हुई है।