बाड़मेर में युवक पर बर्बरता! बंधक बनाकर पीटा, मूंछ-बाल काटे, जूतों की माला पहनाई... VIDEO वायरल
राजस्थान के बाड़मेर जिले के शिव थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ बंधक बनाकर मारपीट, मूंछ और बाल काटने तथा जूतों की माला पहनाकर अपमानित करने का मामला सामने आया है।
राजस्थान के बाड़मेर जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। शिव थाना क्षेत्र के जोरानाडा गांव में एक युवक को कथित तौर पर बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया। आरोपियों ने युवक की मूंछ और बाल काट दिए तथा उसके गले में जूतों की माला पहनाकर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।
वीडियो सामने आने के बाद शिव थाना पुलिस ने तुरंत मामले का संज्ञान लिया और आरोपियों की पहचान शुरू कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बाछड़ाऊ निवासी स्वरूप नाथ को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है, जबकि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
वायरल वीडियो से हुई आरोपी की पहचान
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और प्राप्त शिकायत के आधार पर जांच शुरू की गई। वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की जा रही है। प्रारंभिक कार्रवाई के तहत एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है और अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।