मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब रेलवे संचालन पर भी साफ दिखाई देने लगा है। पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल डिवीजन में कई स्थानों पर रेलवे ट्रैक पर जलभराव हो गया है, जबकि मध्य रेलवे के घाट सेक्शन में भूस्खलन (लैंडस्लाइड) के कारण रेल यातायात बाधित हो गया है। इसके चलते उत्तर पश्चिम रेलवे की कई ट्रेनों को रद्द, डायवर्ट और री-शेड्यूल किया गया है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का लेटेस्ट स्टेटस जरूर जांच लें।
जयपुर-मुंबई सेंट्रल ट्रेन 5 घंटे देरी से चलेगी
जयपुर-मुंबई सेंट्रल सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12956) 7 जुलाई को अपने निर्धारित समय दोपहर 2:00 बजे के बजाय शाम 7:00 बजे रवाना होगी। यानी ट्रेन करीब 5 घंटे की देरी से संचालित की जाएगी।
ये ट्रेनें रद्द की गईं
मुंबई सेंट्रल डिवीजन में जलभराव के कारण निम्नलिखित ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं—
- 22451 बांद्रा टर्मिनस–चंडीगढ़ (6 जुलाई)
- 22452 चंडीगढ़–बांद्रा टर्मिनस (8 जुलाई)
- 14708 दादर–हनुमानगढ़ (6 जुलाई)
- 22915 बांद्रा टर्मिनस–हिसार (6 जुलाई)
- 22916 हिसार–बांद्रा टर्मिनस (7 जुलाई)
- 22933 बांद्रा टर्मिनस–जयपुर (6 जुलाई)
- 22934 जयपुर–बांद्रा टर्मिनस (7 जुलाई)
इन ट्रेनों के बदले गए रूट
भारी बारिश और घाट सेक्शन में लैंडस्लाइड के कारण कई लंबी दूरी की ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाया जा रहा है।
- 20495 जोधपुर–हड़पसर एक्सप्रेस
- 19667 उदयपुर सिटी–मैसूर एक्सप्रेस
- 06282 मदार जंक्शन–मैसूर स्पेशल
- 22497 श्रीगंगानगर–तिरुचिरापल्ली एक्सप्रेस
- 14805 यशवंतपुर–बाड़मेर एक्सप्रेस
इन ट्रेनों को सूरत–पालधी–जलगांव–मनमाड–दौंड मार्ग से संचालित किया जा रहा है।
इस ट्रेन का समय बदला गया
- 21903 बांद्रा टर्मिनस–बीकानेर ट्रेन 6 जुलाई को रात 11:25 बजे की बजाय 7 जुलाई को रात 12:30 बजे रवाना की गई।
रेलवे की यात्रियों से अपील
रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि स्टेशन जाने से पहले अपनी ट्रेन का लाइव स्टेटस जरूर जांच लें। लगातार बारिश और खराब मौसम के कारण ट्रेन संचालन में बदलाव संभव है।