मुंबई में भारी बारिश से रेल यातायात प्रभावित: जयपुर-मुंबई ट्रेन 5 घंटे लेट, कई ट्रेनें रद्द और रूट डायवर्ट
मुंबई और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश और लैंडस्लाइड के चलते रेल संचालन प्रभावित हो गया है।
मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब रेलवे संचालन पर भी साफ दिखाई देने लगा है। पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल डिवीजन में कई स्थानों पर रेलवे ट्रैक पर जलभराव हो गया है, जबकि मध्य रेलवे के घाट सेक्शन में भूस्खलन (लैंडस्लाइड) के कारण रेल यातायात बाधित हो गया है। इसके चलते उत्तर पश्चिम रेलवे की कई ट्रेनों को रद्द, डायवर्ट और री-शेड्यूल किया गया है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का लेटेस्ट स्टेटस जरूर जांच लें।
जयपुर-मुंबई सेंट्रल ट्रेन 5 घंटे देरी से चलेगी
जयपुर-मुंबई सेंट्रल सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12956) 7 जुलाई को अपने निर्धारित समय दोपहर 2:00 बजे के बजाय शाम 7:00 बजे रवाना होगी। यानी ट्रेन करीब 5 घंटे की देरी से संचालित की जाएगी।