फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 के दौरान ईरान और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए मुकाबले के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है। ईरान के मिडफील्डर मोहम्मद मोहेबी द्वारा गोल करने के बाद किए गए ‘गन सेलिब्रेशन’ को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। कई लोगों ने इस सेलिब्रेशन की आलोचना करते हुए खिलाड़ी के खिलाफ कार्रवाई और प्रतिबंध की मांग की है।
लॉस एंजिल्स में खेले गए मुकाबले में ईरान ने न्यूजीलैंड को 2-2 की बराबरी पर रोक दिया। मैच के 64वें मिनट में मोहम्मद मोहेबी ने गोल कर स्कोर बराबर किया। गोल के बाद उन्होंने हथियार चलाने जैसी मुद्रा बनाकर सेलिब्रेशन किया, जिसका वीडियो तेजी से वायरल हो गया।
विवाद के बीच ईरान के मुख्य कोच आमिर घालेनोई ने फीफा और अमेरिकी अधिकारियों पर टीम के साथ सख्ती बरतने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि मैच समाप्त होते ही टीम को अमेरिका छोड़कर मेक्सिको स्थित बेस कैंप लौटने का निर्देश दिया गया, जिससे खिलाड़ियों को पर्याप्त आराम और रिकवरी का समय नहीं मिल सका।
कोच ने कहा कि टीम की योजना अगले दिन मेक्सिको लौटने की थी, लेकिन सुरक्षा कारणों का हवाला देकर तत्काल वापसी के निर्देश दिए गए। इससे खिलाड़ियों की तैयारी और प्रदर्शन पर असर पड़ सकता है।
ईरान के कप्तान मेहदी तारेमी ने भी यात्रा और सुरक्षा प्रक्रियाओं को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि मेक्सिको से लॉस एंजिल्स पहुंचने में सामान्य से कहीं अधिक समय लगा और कई अतिरिक्त जांच प्रक्रियाओं का सामना करना पड़ा।
मैच के दौरान स्टेडियम के बाहर भी तनावपूर्ण माहौल देखने को मिला। कुछ प्रदर्शनकारियों ने ईरानी सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और राजनीतिक नारों के साथ प्रदर्शन किया। हालांकि सुरक्षा व्यवस्था के बीच मैच शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
इससे पहले भी ईरान फुटबॉल महासंघ ने वीजा और टिकट आवंटन को लेकर शिकायतें दर्ज कराई थीं। महासंघ का आरोप है कि कुछ अधिकारियों और सहयोगी स्टाफ को वीजा नहीं दिए गए, जिससे टीम के संचालन पर असर पड़ा।
ग्रुप-जी में ईरान फिलहाल दूसरे स्थान पर है। टीम को अब बेल्जियम और मिस्र जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ मुकाबले खेलने हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ ड्रॉ के बाद अगले दोनों मैच ईरान के लिए बेहद अहम माने जा रहे हैं।
गन सेलिब्रेशन को लेकर विवाद और यात्रा संबंधी परेशानियों के बीच अब सभी की नजरें फीफा की प्रतिक्रिया और ईरान के आगामी मुकाबलों पर टिकी हुई हैं।