बाड़मेर कोतवाली पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल, दो मैगजीन और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। कार्रवाई एएनटीएफ (ANTF) से मिली सूचना के आधार पर की गई।

कोतवाली थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि एएनटीएफ की ओर से सूचना मिली थी कि एक युवक के पास अवैध हथियार हो सकते हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संदिग्ध की तलाश शुरू की और संभावित ठिकाने पर दबिश दी।

पुलिस ने उण्डखा निवासी देवीसिंह को हिरासत में लेकर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्टल, दो मैगजीन और तीन कारतूस बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस आरोपी को थाने लेकर आई और उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। फिलहाल आरोपी से हथियारों की खरीद-फरोख्त, सप्लाई चेन और हथियार उपलब्ध कराने वाले लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है।

थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ में अवैध हथियारों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद हथियार कहां से लाए गए थे और उनका इस्तेमाल किस उद्देश्य के लिए किया जाना था। पुलिस का मानना है कि जांच में और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।