जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल ने चिकित्सा क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल के ऑर्थोपेडिक सर्जरी विभाग की यूनिट-2 ने एक ही दिन में 11 मरीजों की ज्वाइंट रिप्लेसमेंट सर्जरी सफलतापूर्वक कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इनमें 8 घुटना प्रत्यारोपण (Knee Replacement) और 3 हिप रिप्लेसमेंट (Hip Replacement) सर्जरी शामिल थीं।

यह सभी सर्जरी 19 जून को यूनिट-2 के प्रमुख डॉ. पंकज जैन के नेतृत्व में की गईं। सुबह 8 बजे शुरू हुआ ऑपरेशन का सिलसिला दोपहर 3 बजे तक लगातार चला। इस दौरान ऑर्थोपेडिक विभाग की पूरी टीम ऑपरेशन थिएटर में मौजूद रही और सभी मरीजों की सफल सर्जरी की गई।

सर्जिकल टीम में डॉ. राजकुमार हर्षवाल, डॉ. अमित जैन, डॉ. हीरा लाल धवन, डॉ. मुकेश असवाल और डॉ. बृजेश सांखला ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं एनेस्थीसिया टीम में डॉ. श्रीफल मीणा, डॉ. ममता खंडेलवाल और डॉ. बी.सी. जैन शामिल रहे।

यूनिट प्रमुख डॉ. पंकज जैन ने बताया कि सभी मरीज अलग-अलग समय पर अस्पताल की ओपीडी में पहुंचे थे। विस्तृत जांच, मेडिकल मूल्यांकन और अन्य आवश्यक परीक्षणों के बाद विशेषज्ञों ने सभी मरीजों की सर्जरी एक साथ करने का निर्णय लिया। बेहतर योजना और समन्वय के चलते सभी ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुए।

डॉ. जैन ने बताया कि सभी मरीजों की स्थिति सामान्य है और उन्हें अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई है। इस उपलब्धि को एसएमएस अस्पताल की चिकित्सा क्षमता, विशेषज्ञता और टीमवर्क का बेहतरीन उदाहरण माना जा रहा है।

राजस्थान के सबसे बड़े सरकारी अस्पतालों में शामिल SMS अस्पताल लगातार जटिल सर्जरी और आधुनिक चिकित्सा सेवाओं के जरिए मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध करा रहा है। एक ही दिन में 11 ज्वाइंट रिप्लेसमेंट सर्जरी का सफल संचालन अस्पताल की बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।