आसोतरा मंदिर पार्किंग से लाखों के गहने चोरी का खुलासा, महिला समेत 2 आरोपी गिरफ्तार
बालोतरा पुलिस ने ब्रह्माजी धाम आसोतरा मंदिर की पार्किंग में खड़ी कार से सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने के मामले का चार महीने बाद खुलासा कर दिया है।
बालोतरा पुलिस ने ब्रह्माजी धाम आसोतरा मंदिर के पास पार्किंग में खड़ी कार से लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने के मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चार महीने की जांच के बाद एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ कर चोरी गए आभूषणों की बरामदगी का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, जोधपुर के कुड़ी भगतासनी निवासी बख्तावर सिंह ने 2 फरवरी 2026 को जसोल थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया था कि 1 फरवरी को वह परिवार के साथ ब्रह्माजी धाम आसोतरा दर्शन के लिए आए थे। मंदिर के पास स्थित पार्किंग के आगे कार खड़ी कर परिवार सहित दर्शन के लिए चले गए।
कार में रखे तीन बैगों में से एक बैग में करीब 5 तोला सोने की आड़, 3 तोला सोने का शीशफूल, 3 तोला सोने की रखड़ी समेत अन्य कीमती आभूषण रखे हुए थे। इसी दौरान एक महिला और एक पुरुष ने कार का लॉक तोड़कर बैग और आभूषण चोरी कर लिए।