थाना छांयसा क्षेत्र की एक 19 वर्षीय विवाहिता ने अपने पति, जेठ और ससुर पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने बताया कि उसका पति राहुल, जो पलवल जिले के गांव घाघोट का रहने वाला है, उसका अश्लील वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहा है। इसके साथ ही पति, जेठ राहिल और ससुर कल्लू पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया है।

विवाहिता की शिकायत

विवाहिता ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा कि उसकी शादी कई साल पहले राहुल के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति ने उसका अश्लील वीडियो बना लिया और उसे ब्लैकमेल करने लगा। महिला ने बताया कि जब भी वह पति के साथ होती है, वह अपने दोस्तों को वीडियो कॉल के जरिए अश्लील वीडियो दिखाता है। इसके अलावा, पति, जेठ और ससुर लगातार दहेज कम लाने को लेकर उसे ताने देते हैं और प्रताड़ित करते हैं।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसका जेठ राहिल कई बार उसके साथ गलत व्यवहार करने की कोशिश कर चुका है। जब उसने इसका विरोध किया तो पति ने अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी।

थाना छांयसा पुलिस ने विवाहिता की शिकायत पर पति राहुल, जेठ राहिल और ससुर कल्लू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी राजेश ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।