जैसलमेर के पोकरण में विधायक महंत प्रतापपुरी की योग करते हुए तस्वीर पर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद रविवार देर रात विवाद भड़क उठा। टिप्पणी के विरोध में एक युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया, जिसके बाद कुछ लोग थाने पहुंचे और आरोपी को छोड़ने की मांग करने लगे। रात करीब 11 बजे भीड़ उग्र हो गई और थाने पर पत्थराव शुरू कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस का उपयोग करना पड़ा।
जैसलमेर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुधीर चौधरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस घटना में 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 35 नामजद आरोपियों के खिलाफ राजकार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सुधीर चौधरी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण कुमार सेन देर रात पोकरण थाने पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। रामदेवरा, सांकड़ा और लाठी थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर थाने के बाहर तैनात किया गया।
पुलिस ने पत्थरबाजों की शिनाख्त के लिए सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों की जांच शुरू कर दी है। एसपी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।