'ना मां बनने देंगे, ना जिंदा छोड़ेंगे...' पुश्तैनी जमीन और दहेज के लालच में जेठानी बनी शैतान, बहू पर पेट्रोल डालकर लगा दी आग
जैसलमेर के खुहड़ी थाना क्षेत्र में दहेज और पुश्तैनी जमीन के लालच में ससुराल वालों ने एक विवाहिता को पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। जोधपुर में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। पुलिस ने पति समेत 4 को गिरफ्तार किया है।
राजस्थान के जैसलमेर जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां खुहड़ी थाना क्षेत्र के कोरवा गांव में दहेज, अंधविश्वास और पुश्तैनी जमीन के लालच में ससुराल वालों ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। शादी के 14 साल बाद एक महिला को उसके ही ससुराल वालों ने पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। 90 फीसदी से ज्यादा झुलस चुकी इस विवाहिता ने जोधपुर के अस्पताल में तीन दिन तक जिंदगी और मौत से जंग लड़ने के बाद दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति, ससुर, सास और जेठानी को गिरफ्तार कर लिया है।
जेठानी की खौफनाक साजिश: जमीन के लिए नहीं होने दी संतान
मृतका हिना के पिता पुरखाराम भील (निवासी माणपिया) पेशे से सरकारी शिक्षक हैं। उन्होंने अपनी बेटी की शादी 29 जून 2012 को कोरवा गांव के भगवानाराम के साथ की थी। पिता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही उनकी बेटी को शारीरिक और मानसिक यातनाएं दी जाने लगीं। सबसे चौंकाने वाला आरोप जेठानी अमृता देवी पर लगा है। रिपोर्ट के मुताबिक, पुश्तैनी जमीन हड़पने की नीयत से जेठानी नहीं चाहती थी कि हिना मां बने। इसके लिए हिना को धोखे से गर्भपात की दवाइयां और अन्य संदिग्ध चीजें खिलाई जाती थीं, जिससे उसकी सेहत लगातार बिगड़ती चली गई।