राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने राज्य में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन टटपुंजिया 5.0' के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने करीब एक साल से फरार चल रहे 20 हजार रुपए के इनामी तस्कर हनुमानराम पुत्र भाखराराम विश्नोई (36) निवासी जोगाऊ, थाना झाब, जिला जालोर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को जालोर जिले के बागोड़ा क्षेत्र से उस समय पकड़ा गया, जब वह अपनी गाड़ी के लिए फर्जी नंबर प्लेट बनवा रहा था। सूचना मिलते ही ANTF की टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
सरकारी नौकरी की तैयारी से तस्करी तक का सफर
जांच में सामने आया कि हनुमानराम ने बीए और बीएसटीसी तक पढ़ाई की थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद उसने सरकारी नौकरी पाने के लिए लंबे समय तक तैयारी की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद उसने टेंट हाउस और पानी प्लांट का कारोबार शुरू किया, लेकिन कम आमदनी के कारण वह गलत संगत में पड़ गया।
पुलिस के अनुसार, जल्दी पैसा कमाने की लालच में आरोपी नशा तस्करों के संपर्क में आया और पहले डोडा-पोस्त व अफीम की सप्लाई करने लगा। बाद में उसने मध्यप्रदेश से मादक पदार्थ लाकर जालोर जिले में सप्लाई का नेटवर्क तैयार कर लिया।
एक साल तक बदलता रहा ठिकाने
हनुमानराम के खिलाफ वर्ष 2023 से एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा। फरारी के दौरान उसने जैसलमेर, कर्नाटक, महाराष्ट्र और गुजरात में छिपकर समय बिताया।
इतना ही नहीं, पुलिस की निगरानी से बचने के लिए आरोपी अपना मोबाइल बंद रखता था और बातचीत के लिए दूसरे लोगों के मोबाइल फोन का इस्तेमाल करता था, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस न हो सके।
बालाजी मंदिर से मिली थी पहली सूचना
ANTF को सूचना मिली थी कि आरोपी अपने परिवार के साथ एक बालाजी मंदिर में प्रसादी कार्यक्रम में आने वाला है। पुलिस टीम पहले से वहां निगरानी कर रही थी, लेकिन आरोपी वहां से निकल गया।
इसके बाद टीम ने उसका पीछा जारी रखा और बागोड़ा पहुंची, जहां वह एक दुकान पर फर्जी नंबर प्लेट बनवाता मिला। मौके पर ही पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
नशा तस्करों पर जारी रहेगा अभियान
राजस्थान पुलिस के आईजी विकास कुमार ने कहा कि राज्य में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं और आने वाले समय में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।