बाड़मेर जिले के रामसर थाना क्षेत्र स्थित खारची गांव में प्लॉट विवाद की जांच के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ने से माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। मामले में पुलिस ने तीन महिलाओं समेत चार लोगों को शांति भंग करने के आरोप में डिटेन किया है।
रामसर थानाधिकारी पदमाराम ने बताया कि दो दिन पहले अलाना खान और अली खान, जो आपस में भाई हैं, के बीच प्लॉट को लेकर विवाद हुआ था। इसी मामले की जांच के लिए पुलिस टीम खारची गांव पहुंची थी।
जांच के दौरान दूसरा पक्ष भी मौके पर पहुंच गया। दोनों पक्षों के बीच बातचीत के दौरान कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते तनावपूर्ण स्थिति में बदल गई। कुछ लोगों के उत्तेजित होने से माहौल बिगड़ने लगा, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया।
पुलिस ने एहतियातन कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं सहित चार लोगों को शांति भंग के आरोप में डिटेन कर लिया। सभी से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने पथराव होने का दावा किया, लेकिन पुलिस ने इस दावे को खारिज कर दिया है। थानाधिकारी पदमाराम ने स्पष्ट कहा कि मौके पर पथराव जैसी कोई घटना नहीं हुई और स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया था।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है ताकि विवाद के कारणों और घटनाक्रम की पूरी तस्वीर सामने आ सके।