बाड़मेर में प्लॉट विवाद पर तनाव: पुलिस के सामने भिड़े दो पक्ष, 3 महिलाओं समेत 4 डिटेन
बाड़मेर के रामसर थाना क्षेत्र के खारची गांव में प्लॉट विवाद की जांच के दौरान दो पक्ष आमने-सामने आ गए।
बाड़मेर जिले के रामसर थाना क्षेत्र स्थित खारची गांव में प्लॉट विवाद की जांच के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ने से माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। मामले में पुलिस ने तीन महिलाओं समेत चार लोगों को शांति भंग करने के आरोप में डिटेन किया है।
रामसर थानाधिकारी पदमाराम ने बताया कि दो दिन पहले अलाना खान और अली खान, जो आपस में भाई हैं, के बीच प्लॉट को लेकर विवाद हुआ था। इसी मामले की जांच के लिए पुलिस टीम खारची गांव पहुंची थी।
जांच के दौरान दूसरा पक्ष भी मौके पर पहुंच गया। दोनों पक्षों के बीच बातचीत के दौरान कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते तनावपूर्ण स्थिति में बदल गई। कुछ लोगों के उत्तेजित होने से माहौल बिगड़ने लगा, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया।