राजस्थान के कोटा जिले में नेशनल हाईवे-27 पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सिमलिया थाना क्षेत्र के पोलाई कला के पास चलते ट्रक का टायर अचानक निकल गया, जिससे पीछे आ रही कार हादसे का शिकार हो गई। अनियंत्रित होकर कार सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से जा टकराई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।

एक ही परिवार के चार लोग थे कार में सवार

पुलिस के अनुसार, कार गुजरात के मेहसाणा से उत्तर प्रदेश के जालौन जा रही थी। कार में एक ही परिवार के चार सदस्य—पिता, पुत्र और दो महिलाएं—सवार थे।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार के आगे चल रहे ट्रक का एक टायर अचानक निकलकर सड़क पर आ गया। पीछे आ रही कार उस टायर से टकरा गई, जिससे चालक संतुलन खो बैठा। कार काफी दूर तक सड़क पर घिसटती रही और आखिरकार रेलिंग से टकरा गई।

45 वर्षीय पप्पू कुशवाह की मौत

हादसे में कार की आगे वाली सीट पर बैठे 45 वर्षीय पप्पू पुत्र हरचरण कुशवाह, निवासी जालौन (उत्तर प्रदेश) की मौके पर ही मौत हो गई। कार चला रहे उनके बेटे मनीष कुशवाह को हल्की चोटें आई हैं, जबकि कार में सवार दोनों महिलाओं को भी मामूली चोटें लगी हैं।

ग्रामीणों और फैक्ट्री कर्मचारियों ने किया रेस्क्यू

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया। आसपास की फैक्ट्री के कर्मचारियों को बुलाया गया, जिन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलकर कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस और सिमलिया थाना पुलिस को सूचना दी गई।

घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद इलाज के लिए कोटा भेजा गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में ट्रक का टायर निकलने के कारण दुर्घटना होना सामने आया है।