राजस्थान के जालोर जिले के सरहद मडला क्षेत्र में मिले चर्चित ब्लाइंड मर्डर केस का आहोर थाना पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल कॉल डिटेल और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि प्रेम संबंध में बाधा बनने के कारण पति की हत्या की साजिश रची गई थी।

पुलिस के अनुसार, 24 जून को सरहद मडला क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। पहचान के प्रयासों के बाद मृतक की शिनाख्त राजेन्द्र कुमार मीणा, निवासी रानीगांव (जिला पाली) के रूप में हुई। मृतक की मां सारकी देवी की रिपोर्ट पर 25 जून को हत्या का मामला दर्ज किया गया।

48 घंटे में पुलिस ने सुलझाई ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी

पुलिस अधीक्षक मोटाराम के निर्देशन और वृत्ताधिकारी दशरथ सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी करण सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। एफएसएल और एमओबी टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद संदिग्ध मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल, तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच आगे बढ़ाई गई।

जांच के दौरान पुलिस रमेश कुमार मीणा और अभिषेक मीणा तक पहुंची। पूछताछ में दोनों ने हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। बाद में मृतक की पत्नी ममता को भी साजिश में शामिल पाए जाने पर गिरफ्तार किया गया।

पत्नी और प्रेमी ने मिलकर रची थी हत्या की साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि राजेन्द्र कुमार की शादी करीब 14-15 वर्ष पहले ममता से हुई थी। पिछले 8 से 10 महीनों से दोनों के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था, जिसके चलते ममता अपने पीहर में रह रही थी।

इसी दौरान ममता की नजदीकियां रमेश कुमार मीणा से बढ़ीं। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन राजेन्द्र उनके रिश्ते में बाधा बन रहा था। इसी कारण दोनों ने उसकी हत्या की साजिश रच डाली।

मजदूरी का झांसा देकर ले गए, रास्ते में की हत्या

पुलिस के मुताबिक, योजना के तहत रमेश ने अपने रिश्तेदार अभिषेक मीणा को भी साथ मिला लिया। दोनों आरोपी राजेन्द्र को मजदूरी दिलाने का झांसा देकर मोटरसाइकिल पर अपने साथ ले गए। रास्ते में उसे कई बार शराब पिलाई गई और सुनसान स्थान पर पहले से बनाई योजना के तहत उसकी हत्या कर दी गई।

हत्या के बाद आरोपियों ने खून से सना शव जालोर जिले के सरहद मडला क्षेत्र में फेंक दिया और मौके से फरार हो गए।

मां ने दर्ज कराया था हत्या का मामला

मृतक की मां सारकी देवी ने बताया कि राजेन्द्र अपनी ससुराल गोलियां-चादराई (आहोर) गया हुआ था। सोमवार को दो युवक उसे मजदूरी दिलाने के बहाने अपने साथ ले गए थे। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली तो पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।