राजस्थान राज्य पात्रता परीक्षा (SET-2026) की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। कोटा विश्वविद्यालय ने SET-2026 की परीक्षा तिथि में बदलाव करते हुए इसे 6 सितंबर के बजाय 13 सितंबर 2026 को आयोजित करने का निर्णय लिया है। शनिवार शाम को विश्वविद्यालय प्रशासन ने संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जारी किया।

CTET परीक्षा के कारण बदली गई तारीख

कोटा विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि सीटीईटी (CTET) परीक्षा की तिथि को ध्यान में रखते हुए यह बदलाव किया गया है, ताकि अभ्यर्थियों को दोनों परीक्षाओं में शामिल होने में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

करीब तीन साल बाद होगी SET परीक्षा

राजस्थान में SET परीक्षा करीब तीन साल बाद आयोजित की जा रही है। इससे पहले वर्ष 2023 में गोविंद गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय (जीजीटीयू), बांसवाड़ा ने परीक्षा आयोजित करवाई थी। वहीं वर्ष 2012 और 2009 में यह परीक्षा राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC), अजमेर द्वारा आयोजित की गई थी।

पहली बार शामिल किए गए दो नए विषय

इस वर्ष SET-2026 में पहली बार जनसंचार एवं पत्रकारिता (Mass Communication & Journalism) और संस्कृत (पारंपरिक) विषयों को शामिल किया गया है। अब परीक्षा कुल 37 विषयों में आयोजित होगी। यह बदलाव यूजीसी नेट (UGC NET) के विषयों के अनुरूप किया गया है।

ऑनलाइन होंगे आवेदन

SET-2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रहेगी। अभ्यर्थी कोटा विश्वविद्यालय की वेबसाइट और SSO पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।

आवेदन शुल्क:

  • सामान्य / OBC (Creamy Layer): ₹1500
  • OBC (Non-Creamy Layer) / EWS: ₹1200
  • SC / ST / दिव्यांग: ₹750

UGC NET पैटर्न पर होगी परीक्षा

SET-2026 का आयोजन ऑफलाइन (OMR आधारित) पद्धति से होगा। परीक्षा में कुल दो प्रश्नपत्र होंगे।

  • पेपर-1: 50 प्रश्न (शिक्षण एवं शोध अभिक्षमता, तार्किक क्षमता, सामान्य बौद्धिक दक्षता)
  • पेपर-2: चयनित विषय से 100 प्रश्न

परीक्षा में कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा 300 अंकों की होगी और इसकी अवधि 3 घंटे निर्धारित की गई है। प्रत्येक सही उत्तर पर 2 अंक मिलेंगे तथा नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी।

हजारों पद खाली, नियमित परीक्षा की मांग

उच्च शिक्षा विभाग के अनुसार राज्य के 3,000 से अधिक सरकारी और निजी कॉलेजों में सहायक प्रोफेसर के पद रिक्त हैं। इसके बावजूद नियमित रूप से SET परीक्षा आयोजित नहीं होने पर अभ्यर्थियों में नाराजगी है।

शिक्षक नेता एवं शिक्षाविद् मोहर सिंह सलावद ने मांग की है कि UGC NET की तर्ज पर राजस्थान SET के लिए भी स्थायी नोडल एजेंसी बनाई जाए और हर वर्ष नियमित परीक्षा कैलेंडर जारी किया जाए। उन्होंने साल में दो बार SET परीक्षा आयोजित करने की भी वकालत की है।