राजस्थान के बालोतरा जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन विषभंजन के तहत धोरीमन्ना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक स्विफ्ट कार से 22.57 ग्राम स्मैक बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान कार को भी जब्त कर लिया गया। फिलहाल पुलिस आरोपी से मादक पदार्थ की तस्करी के नेटवर्क को लेकर पूछताछ कर रही है।
बालोतरा एसपी रमेश ने बताया कि जिले में नशाखोरी और मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष अभियान ऑपरेशन विषभंजन चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस को सूचना मिली थी कि एक स्विफ्ट कार में मादक पदार्थ लेकर तस्कर धोरीमन्ना की ओर आ रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नाकाबंदी कर संदिग्ध कार को रोक लिया। कार में सवार युवक ने पूछताछ के दौरान अपनी पहचान राणाराम पुत्र बाबूलाल, निवासी हिरकन, थाना मीठड़ा (धोरीमन्ना) के रूप में बताई।
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें से 22.57 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ धोरीमन्ना थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद स्मैक कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। साथ ही तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच भी की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना अधिकारी दीपसिंह, एएसआई केशाराम, हेड कॉन्स्टेबल विरमखान तथा कॉन्स्टेबल आसुराम, चंद्रप्रकाश, सागाराम और जगदीश की अहम भूमिका रही।