राजस्थान के बाड़मेर जिले के बायतु थाना क्षेत्र से एक दुखद मामला सामने आया है। निम्बानियों की ढाणी गांव में 70 वर्षीय बुजुर्ग ने खेत में रोहीड़े के पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता उस समय चला, जब देर रात परिजन उनकी तलाश करते हुए खेत पहुंचे और उनका शव पेड़ से लटका मिला।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अचलाराम (70) पुत्र अलसाराम निवासी निम्बानियों की ढाणी के रूप में हुई है। अचलाराम पिछले कुछ समय से बाड़मेर शहर के बलदेव नगर में रह रहे थे। वे करीब सात दिन पहले ही अपने गांव लौटे थे।

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार रात खाना खाने के बाद अचलाराम घर से खेत की ओर गए। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खेत में पहुंचने पर उन्होंने देखा कि अचलाराम का शव रोहीड़े के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका हुआ था। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही बायतु थाना पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों की मौजूदगी में शव को नीचे उतारकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

बायतु थाना अधिकारी हनुमान राम ने बताया कि मृतक के बेटे ने रिपोर्ट में उल्लेख किया है कि उनके पिता लंबे समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ थे। प्रारंभिक जांच में इसी कारण आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर मामले की जांच कर ली है।