राजस्थान के अजमेर में चलती ट्रेन में मोबाइल लूट का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। अजमेर-सरायरोहिल्ला ट्रेन में सफर कर रहे एक युवक का मोबाइल बदमाशों ने अनोखे तरीके से लूट लिया। हालांकि, युवक ने हिम्मत दिखाते हुए चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवाई, चलती ट्रेन से छलांग लगाई और घायल होने के बावजूद आरोपियों का पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।
घटना रविवार दोपहर करीब 3 बजे अलवर गेट थाना क्षेत्र के रेलवे ट्रैक के पास हुई। बाद में आरोपियों को स्थानीय लोगों की मदद से राजा सर्कल स्थित जीसीए-1 ब्रिज के पास पकड़ लिया गया।
पानी की बोतल फेंककर गिराया मोबाइल
दौसा निवासी पीड़ित दीपक ने बताया कि वह अजमेर-सरायरोहिल्ला ट्रेन से अजमेर से जयपुर जा रहा था। सफर के दौरान वह कोच के गेट पर खड़े होकर मोबाइल में लाइव लोकेशन देख रहा था। तभी रेलवे ट्रैक के किनारे खड़े बदमाशों ने उसके ऊपर पानी की बोतल फेंक दी।
बोतल उसके हाथ पर लगी, जिससे मोबाइल नीचे गिर गया। बदमाश तुरंत मोबाइल उठाकर भाग निकले।
चेन पुलिंग कर ट्रेन से लगा दी छलांग
मोबाइल लूटे जाने के बाद दीपक ने ट्रेन में चेन पुलिंग करवाई और ट्रेन से नीचे कूद गया। छलांग लगाने के कारण वह घायल भी हो गया, लेकिन इसके बावजूद उसने बदमाशों का पीछा नहीं छोड़ा।
पीड़ित के अनुसार, बदमाश पहले झाड़ियों में छिप गए और बाद में मोबाइल एक महिला और पुरुष को सौंप दिया। दीपक ने दोनों का पीछा किया और स्थानीय लोगों की मदद से जीसीए-1 ब्रिज के पास उन्हें पकड़ लिया।
आरोपियों के पास मिले चार मोबाइल और कीमती घड़ी
घटना की सूचना मिलते ही पहले अलवर गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, मामला रेलवे क्षेत्र का होने के कारण आरोपियों को जीआरपी थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के बैग से पीड़ित का मोबाइल बरामद कर लिया गया। इसके अलावा तीन अन्य मोबाइल फोन और एक कीमती घड़ी भी मिली है। पुलिस अब बरामद सामान के संबंध में जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।
लोगों ने की पिटाई
आरोपियों को पकड़ने के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। भीड़ ने महिला और पुरुष दोनों आरोपियों की जमकर पिटाई कर दी। बाद में पुलिस ने दोनों को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की।