राजस्थान के सीकर में एक वारदात सामने आई है, जहां लिफ्ट देने के बहाने एक युवक का अपहरण कर उसके साथ लूटपाट और ब्लैकमेलिंग की गई। आरोपियों ने युवक को जंगल में ले जाकर न सिर्फ बुरी तरह पीटा, बल्कि उसका न्यूड वीडियो बनाकर 15 हजार रुपए और मोबाइल भी लूट लिया। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लिफ्ट के बहाने रची खौफनाक साजिश
पीड़ित युवक द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, यह घटना 19 अगस्त की रात करीब 8 बजे की है। युवक जाट बाजार चौराहे से धोद रोड की तरफ जा रहा था। इसी दौरान पोस्ट ऑफिस के पास एक अनजान बाइक सवार ने उसे लिफ्ट ऑफर की। युवक ने उस व्यक्ति से खुद को मंदिर की तरफ छोड़ने का आग्रह किया। रास्ते में बाइक सवार ने बहाना बनाया कि उसे अपने घर 'रानीसती' पर 2 मिनट का कुछ काम है और उसके बाद वह उसे मंदिर छोड़ देगा।
जब युवक ने इसका विरोध किया, तो आरोपी जबरदस्ती बाइक चलाता रहा और उसे एक सुनसान इलाके में ले जाकर रोक दिया। वहां पहले से ही उसके 3 से 4 अन्य साथी मौजूद थे।
जंगल में घसीटा और मिट्टी में दबा दिया मुंह
आरोपियों ने पीड़ित के साथ अमानवीय बर्ताव किया। सभी ने मिलकर युवक को जबरन तारबंदी के नीचे से खींचा और जंगल की तरफ ले गए। वहां आरोपियों ने उसके साथ जमकर मारपीट की और उसका मुंह मिट्टी में दबा दिया, ताकि वह शोर न मचा सके।
न्यूड वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग और पैसों की डिमांड
मारपीट के बाद बदमाशों ने युवक की जेब से 15 हजार रुपए नकद और उसका मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद आरोपियों ने युवक का न्यूड वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और उसे इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी दी। आरोपियों का लालच यहीं खत्म नहीं हुआ; उन्होंने पीड़ित से और पैसों की डिमांड की। दहशत फैलाने के लिए बदमाशों ने पीड़ित को 20 अगस्त की रात 8 बजे दोबारा पैसे लेकर मिलने का दबाव भी डाला।
पुलिस ने शुरू की जांच
आरोपियों के चंगुल से छूटने के बाद पीड़ित ने तुरंत कोतवाली पुलिस थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट, मारपीट और ब्लैकमेलिंग का मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।