राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहां खोरा बीसल के जंगल में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के परिवार ने हत्या का आरोप उसके ही रिश्तेदारों (जीजा और भतीजे) पर लगाया है। बताया जा रहा है कि युवक अपने उधार दिए गए करीब 22 लाख रुपये वापस मांगने गया था, लेकिन वह जिंदा नहीं लौटा।

उधार के पैसे बने मौत की वजह?

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सीकर के अजीतगढ़ निवासी 34 वर्षीय प्रकाश चंद यादव के रूप में हुई है, जो एक फाइनेंस कंपनी में काम करता था। मृतक के बड़े भाई सुरेश ने बताया कि उनके ताऊ के दामाद शंकर यादव और उसके भतीजे अजय ने प्रकाश से लाखों रुपये उधार ले रखे थे। बीते 4 जून को प्रकाश ने घर पर बताया था कि वह जीजा शंकर से अपने पैसे लेने जा रहा है, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं आया।

आखिरी कॉल: 'ये लोग मुझे बर्बाद कर रहे हैं...

सुरेश ने बताया कि 4 जून से गायब होने के बाद, 7 जून की दोपहर करीब 12:15 बजे प्रकाश का उनके पास एक वॉट्सऐप कॉल आया। फोन पर प्रकाश फूट-फूट कर रो रहा था। उसने रोते हुए कहा, "जीजा शंकर यादव और उसका भतीजा अजय मेरे पैसे नहीं दे रहे हैं। वे मारपीट पर उतारू हो गए हैं, इन्होंने मुझे बर्बाद कर दिया है।"

इसके बाद प्रकाश ने वॉट्सऐप पर एक हिसाब की पर्ची और आरोपियों के मोबाइल नंबर भी भेजे। इस पर्ची में चाचा-भतीजे समेत चार लोगों के नाम लिखे थे, जिनसे प्रकाश को 22 लाख 75 हजार रुपये लेने थे। पर्ची में दर्द बयां करते हुए प्रकाश ने लिखा था- "मैंने सबसे मिन्नतें कर लीं कि मेरा पैसा दे दो। एक साल से मेरी हालत खराब है, लेकिन ये लोग बस रुकने को कहते हैं और पैसे नहीं दे रहे।" इस बातचीत के बाद प्रकाश का मोबाइल बंद हो गया।

जंगल में मिली लाश, पास में जहर और शराब

प्रकाश का फोन बंद होने के बाद घबराए सुरेश 8 जून को जयपुर पहुंचे और करधनी थाने में भाई की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। रिश्तेदारों के साथ मिलकर जब तलाश शुरू की गई, तो उसी शाम करीब 4 बजे गेल इंडिया (मनसारामपुरा) के पीछे खोरा बीसल के जंगल में एक चरवाहे ने प्रकाश का शव देखा। शव से कुछ ही दूरी पर उसकी बाइक भी खड़ी थी।

मौके पर पहुंची खोरा बीसल थाना पुलिस और FSL की टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस को शव के पास से शराब के खाली क्वार्टर और जहर की एक डिब्बी भी मिली है। इसके बाद कांवटिया अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।

कोर्ट के आदेश पर हत्या की FIR दर्ज

एसआई अभिषेक स्वामी ने बताया कि परिजनों ने इस मामले में हत्या की आशंका जताई है। परिवार का सीधा आरोप है कि प्रकाश को एक सोची-समझी साजिश के तहत जयपुर बुलाया गया और पैसे हड़पने के लिए उसकी हत्या कर दी गई। फिलहाल, कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ नामजद हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस हर एंगल से इस केस की गहराई से जांच कर रही है।