प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 4 जुलाई को प्रस्तावित पचपदरा रिफाइनरी लोकार्पण कार्यक्रम से पहले बालोतरा जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की ओर से जिलेभर में विशेष स्वच्छता अभियान एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि ऐतिहासिक आयोजन से पहले क्षेत्र को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया जा सके।
इसी क्रम में रविवार सुबह राजस्थान सरकार के पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के मंत्री तथा बालोतरा जिले के प्रभारी मंत्री जोराराम कुमावत ने मंडापुरा ग्राम पंचायत स्थित श्रमिक कॉलोनी में आयोजित विशेष स्वच्छता एवं श्रमदान कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने मंडापुरा के गुलाब सर्कल पर स्वयं झाड़ू लगाकर श्रमदान किया और आमजन से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश का ड्रीम प्रोजेक्ट मानी जाने वाली पचपदरा रिफाइनरी का लोकार्पण 4 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर-कमलों से होगा। इसे लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और यह परियोजना पश्चिमी राजस्थान के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
बालोतरा जिले के प्रभारी सचिव हरजीलाल अटल ने भी कार्यक्रम के दौरान लोगों से स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक स्वच्छ और सुंदर वातावरण बनाने में अपना योगदान दें, ताकि प्रधानमंत्री के आगमन पर जिले की सकारात्मक छवि प्रस्तुत की जा सके।
पचपदरा विधायक डॉ. अरुण चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर क्षेत्र की जनता में विशेष उत्साह और खुशी है। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष भरत मोदी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मरुधरा की पावन धरती पर स्वागत करते हुए कहा कि उनका आगमन बालोतरा जिले के लिए ऐतिहासिक अवसर होगा।
इस बीच प्रशासनिक तैयारियां भी अंतिम चरण में हैं। सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई और कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं को लेकर लगातार समीक्षा की जा रही है। जानकारी के अनुसार, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी रविवार दोपहर पचपदरा पहुंचकर रिफाइनरी परिसर का निरीक्षण करेंगे और प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेंगे।
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए पूरे बालोतरा जिले में उत्सव जैसा माहौल है। प्रशासन, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मिलकर इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।