जालोर जिले के बिशनगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। हादसा ऐलाना गांव के पास उस समय हुआ, जब मंदिर दर्शन के लिए जा रहा एक परिवार स्कॉर्पियो से टकरा गया।
पुलिस के अनुसार, ओड़वाड़ा गांव निवासी शांतिलाल राजपुरोहित अपने परिवार और परिचितों के साथ आई-10 कार में सवार होकर सोमता स्थित मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। रास्ते में ऐलाना गांव के पास आगे चल रही स्कॉर्पियो अचानक मुड़ गई, जिससे पीछे आ रही कार उससे जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो सड़क पर पलट गई। इसके बाद आई-10 कार भी अनियंत्रित होकर स्कॉर्पियो के ऊपर चढ़ गई और पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और वाहन में सवार लोग बुरी तरह फंस गए।
स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर एम्बुलेंस की मदद से जालोर के ट्रोमा सेंटर पहुंचाया। हादसे में लीला देवी राजपुरोहित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सौरम देवी ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
घायलों में वचनाराम और दिनेश की हालत गंभीर होने पर उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है। वहीं सुशीला और शांतिलाल का उपचार जारी है।
सूचना मिलने पर बिशनगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो में दो लोग सवार थे, जो हादसे के बाद वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।