जालोर में भीषण सड़क हादसा: स्कॉर्पियो से टकराकर पलटी कार, 2 महिलाओं की मौत... 4 घायल
जालोर के बिशनगढ़ क्षेत्र में मंदिर दर्शन के लिए जा रहे परिवार की कार स्कॉर्पियो से टकराकर पलट गई।
जालोर जिले के बिशनगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। हादसा ऐलाना गांव के पास उस समय हुआ, जब मंदिर दर्शन के लिए जा रहा एक परिवार स्कॉर्पियो से टकरा गया।
पुलिस के अनुसार, ओड़वाड़ा गांव निवासी शांतिलाल राजपुरोहित अपने परिवार और परिचितों के साथ आई-10 कार में सवार होकर सोमता स्थित मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। रास्ते में ऐलाना गांव के पास आगे चल रही स्कॉर्पियो अचानक मुड़ गई, जिससे पीछे आ रही कार उससे जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो सड़क पर पलट गई। इसके बाद आई-10 कार भी अनियंत्रित होकर स्कॉर्पियो के ऊपर चढ़ गई और पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और वाहन में सवार लोग बुरी तरह फंस गए।